
भिलाई में बड़ा हादसा : जयंती स्टेडियम के पास गैस भरा बलून फटने से मचा हड़कंप
भिलाई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयंती स्टेडियम के पास बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बार में सजावट के लिए रखा गया गैस से भरा बड़ा बलून अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में एक ही परिवार के दो बच्चों समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

धमाके से दहशत, राहगीर भी चपेट में आए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बलून के फटते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना तेज था कि पास से गुजर रहे लोग भी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में इशांत वर्मा (14 वर्ष), पूर्वी वर्मा (10 वर्ष) और खेलन वर्मा (36 वर्ष) झुलस गए।
पुलिस और डायल 112 ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को बिना देरी किए एंबुलेंस की मदद से सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां तीनों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

डॉक्टरों की रिपोर्ट
अस्पताल सूत्रों के अनुसार खेलन वर्मा की पत्नी लेखिन बाई (पति कमलेश्वर वर्मा) 15 से 20 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। वहीं इशांत वर्मा करीब 35 प्रतिशत तक झुलसा है, जबकि पूर्वी वर्मा 15 से 20 प्रतिशत तक झुलसी है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन इशांत की स्थिति को देखते हुए उस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि संबंधित बार में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गैस से भरे बलून का उपयोग किस उद्देश्य से किया गया था और उसमें किस प्रकार की गैस भरी गई थी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



