
Jashpur: कलेक्ट्रेट का अफसर बनकर 4.35 लाख की ठगी
नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो परिवारों से वसूली, होटल से घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर युवक ने खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर दो परिवारों से कुल 4 लाख 35 हजार रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक होटल से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप पंडा (28), निवासी सोडापाठ चौक, पुसौर, जिला रायगढ़ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

सुरक्षा गार्ड भर्ती का दिया झांसा
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा (23) ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने उसकी मां से पहचान बढ़ाई और खुद को कलेक्ट्रेट का वरिष्ठ अधिकारी बताया। उसने कहा कि सुरक्षा गार्ड की भर्ती चल रही है और नौकरी पक्की कराने के लिए पैसे देने होंगे।

पहले चरण में आरोपी ने 50 हजार रुपये लिए। कुछ दिनों बाद वह फिर पहुंचा और जॉइनिंग लेटर जल्द मिलने की बात कहकर 1 लाख 50 हजार रुपये और ले लिए। बेटे की नौकरी की उम्मीद में मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर रकम जुटाई।
दूसरे परिवार को भी बनाया शिकार
आरोपी ने लालच में आकर एक और पद खाली होने का झांसा दिया और ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से संपर्क किया। उनसे भी 2 लाख 35 हजार रुपये ऐंठ लिए।
महीनों तक जॉइनिंग लेटर नहीं मिलने और आरोपी द्वारा लगातार टालमटोल करने पर पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
होटल में छिपा था आरोपी
शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। वह एक होटल में ठहरा हुआ था, जहां से पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



