
Jashpur : बस से टक्कर के बाद पुल से गिरा हाइवा, चालक की मौके पर मौत
हादसा छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाइवा और यात्री बस के बीच श्रीनदी के पास पुल पर आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के जोरदार प्रभाव से हाइवा पुल से नीचे नदी किनारे गिर गई।

चालक की मौत, क्लीनर गंभीर रूप से घायल
हादसे में हाइवा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं वाहन का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों की तत्परता
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। कुनकुरी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हाइवा का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण चालक और क्लीनर को बाहर निकालना मुश्किल था जिसे देखते हुए पुलिस ने गैस कटर मंगवाया और कई मिनट के प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों वाहनों की रफ्तार अत्यधिक थी जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस अब बस चालक से पूछताछ कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



