
जांजगीर-चांपा में लूट की 7 वारदातों का खुलासा
बिहार के दो शातिर आरोपी बिलासपुर से गिरफ्तार, 9.83 लाख रुपये से अधिक की लूट कबूल
जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार हो रही लूट और उठाईगिरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने सात लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए बिहार के दो शातिर आरोपियों को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने जांजगीर-चांपा समेत कोरबा, अंबिकापुर, रायगढ़ और सारंगढ़ में कुल 9 लाख 83 हजार रुपये से अधिक की लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पंप ऑपरेटर से ढाई लाख की लूट बनी जांच का आधार
पूरा मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदेई से जुड़ा है, जहां एक पंप ऑपरेटर से करीब ढाई लाख रुपये की लूट हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी।

150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
एएसपी उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज से मिले अहम सुरागों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी घटना के बाद बिलासपुर की ओर फरार हुए थे। इसके बाद पुलिस ने बिलासपुर के होटलों, लॉज और धर्मशालाओं में सघन तलाशी अभियान चलाया।
शिवम लॉज से दबोचे गए आरोपी
तलाशी अभियान के दौरान बिलासपुर स्थित शिवम लॉज से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और विभिन्न जिलों में सक्रिय थे।
अंबिकापुर, रायगढ़, सारंगढ़ और कोरबा में भी वारदात
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जांजगीर-चांपा के अलावा अंबिकापुर में 2 लाख रुपये, रायगढ़ में 1 लाख और 2 लाख रुपये, सारंगढ़ में 60 हजार रुपये तथा कोरबा में 85 हजार रुपये की लूट की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
केंवाच पाउडर छिड़ककर बनाते थे शिकार,बुजुर्गों और महिलाओं को बनाते थे निशाना
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। वे बैंकों के आसपास बड़ी रकम निकालने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करते थे। मौका पाकर पीड़ितों पर केंवाच (खुजली पैदा करने वाला) पाउडर छिड़क देते थे, जिससे वे असहज हो जाते थे। अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी रकम लेकर फरार हो जाते थे।
दो आरोपी रिमांड पर, दो की तलाश जारी
फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



