
Janjgir Champa में जमानत पर छूटे बदमाशों की गुंडागर्दी
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के सेमरा गांव में जमानत पर रिहा हुए दो बदमाशों ने एक बार फिर दहशत फैलाई है। दोनों ने एक स्थानीय दुकानदार के साथ मारपीट की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। आरोपी दीपक तिवारी और कमलेश तिवारी ने दुकानदार रितेश कश्यप को न केवल पीटा, बल्कि उसे अपमानित भी किया।

पहले भी मचा चुके थे उत्पात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 24 अगस्त को दीपक और कमलेश ने शराब पीने के लिए रितेश कश्यप से पैसे की मांग की थी। रितेश के इनकार करने पर बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया और डरा-धमकाकर ऑनलाइन 3,500 रुपये ट्रांसफर करवाए। इतना ही नहीं, उन्होंने रितेश का मोबाइल भी तोड़ दिया। इस घटना के बाद रितेश की शिकायत पर नवागढ़ पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन, जमानत पर छूटते ही दोनों ने फिर से अपराध की राह पकड़ ली।

मंगलवार को दोबारा हमला
मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे दीपक तिवारी रितेश की दुकान पर पहुंचा और उससे बहस शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में कमलेश तिवारी भी वहां आ गया। दोनों ने मिलकर रितेश पर हमला किया, उसे दुकान से बाहर घसीटा और बेरहमी से पीटा। इस दौरान उन्होंने रितेश को अपमानित भी किया। पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गई, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि दीपक तिवारी और कमलेश तिवारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



