
पटाखा फोड़ने से रोकना पड़ा भारी: शिक्षाक परिवार पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला, 8 आरोपी नामजद
दीपावली की रात रमन नगर में मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के रमन नगर इलाके में दीपावली की रात एक जिम्मेदार पहल ने हिंसक रूप ले लिया। एक शिक्षक द्वारा मोहल्ले में पटाखा फोड़ने से रोकना इतना महंगा पड़ा कि उन पर और उनके परिवार पर लाठी-डंडों, रॉड और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में शिक्षक, उनके भाई, पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।

पटाखे फोड़ने से मना करने पर भड़के युवक
जानकारी के अनुसार, दीपावली के मौके पर रमन नगर मोहल्ले में कुछ युवक देर रात तक तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ रहे थे। मोहल्ले में रहने वाले शिक्षक ने बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों की सुविधा के लिए युवकों को शालीनता से समझाइश दी कि पटाखे फोड़ने से परहेज करें।
लेकिन यह बात युवकों को नागवार गुजरी और उन्होंने शिक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
लाठी, रॉड और चाकू से किया हमला
थोड़ी ही देर में युवक लाठी-डंडे, रॉड और चाकू लेकर शिक्षक के घर पहुंच गए और पूरे परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक के भाई, पिता और बहन भी घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
रमन नगर पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



