
Janjgir Champa: एक ही परिवार पर 10 करोड़ से ज्यादा की ठगी का आरोप, पीड़ितों ने एसपी से लगाई गुहार
जमीन सौदे, शेयर मार्केट और निवेश का लालच देकर 6 लोगों से करोड़ों की ठगी, चांपा एसडीओपी को जांच के निर्देश
जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां 6 पीड़ितों ने एक ही परिवार द्वारा 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय पांडेय से की है। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले की जांच का जिम्मा चांपा एसडीओपी यदुमणि सिदार को सौंपा है।

पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। यह ठगी बिलारी गांव के भूपेंद्र साहू, उसके बेटे हिरेन्द्र साहू और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा मिलकर की गई है। आरोप है कि परिवार ने जमीन खरीदी-बिक्री, शेयर मार्केट में फायदे, दुकान और अन्य निवेश योजनाओं में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया, जिसके झांसे में आकर लोगों ने बड़ी रकम निवेश कर दी।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि समय बीतने के बाद भी उन्हें न तो लाभ मिला और न ही पैसा वापस किया गया। संदेह होने पर जब वे पैसा मांगने पहुंचे, तब उन्हें धमकाया भी गया। इसके बाद पीड़ितों ने एकजुट होकर मामले की शिकायत एसपी से की।
पुलिस का कहना है कि जांच में सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जाएगी। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जाएंगे और दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



