
Raigarh: जमीन विवाद ने ली हिंसक रूप, दोनों पक्ष आमने-सामने
कापू थाना क्षेत्र के कण्ड्रजा विजयनगर में मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी की शिकायतें दर्ज
रायगढ़। थाना कापू क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कण्ड्रजा विजयनगर (पटनापारा) में जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद 10 नवंबर को हिंसक झड़प में बदल गया। भूमि खसरा क्रमांक 3571/2, रकबा 0.210 पर उमेश कुमार नट और बाबू सिंह उर्फ पप्पू नट के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो अब मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया है।
बाबू सिंह ने लगाया मारपीट और धमकी का आरोप
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बाबू सिंह उर्फ पप्पू नट ने बताया कि वह 10 नवंबर को विवादित भूमि की जोताई करने गया था। घर लौटने पर उमेश कुमार नट, विशाल सिंह, जयपाल सिंह और प्रेम सिंह नट ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि उमेश कुमार नट हाथ में धारदार तलवार लेकर धमका रहा था।

उमेश नट की पत्नी ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
उधर, विवाद के दूसरे पक्ष की ओर से उमेश नट की पत्नी अंजली देवी नट ने भी थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाबू सिंह और उसके परिजन जबरन विवादित भूमि की जोताई कर रहे थे। रोकने पर उन्होंने गंदी गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और जबरन घर में घुसकर दरवाजा व मोटरसायकल को तोड़फोड़ किया।
इतना ही नहीं, उन्होंने घरवालों के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच में जुटी
दोनों पक्षों से मिली शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस की टीम तैनात की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



