February 22, 2026
जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

Feb 22, 2026

हत्या के आरोप में बंद था 42 वर्षीय कैदी
रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज स्थित जिला जेल में हत्या के आरोप में बंद एक 42 वर्षीय विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान विष्णु कुमरिया (42 वर्ष) निवासी ग्राम सीतारामपुर पाट, थाना पस्ता के रूप में हुई है। वह 15 नवंबर 2023 को दर्ज हत्या प्रकरण में आरोपी था और न्यायिक हिरासत में जेल में निरुद्ध था।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को कैदी ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की। स्थिति को गंभीर मानते हुए जेल प्रशासन ने तत्काल उसे रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक इलाज के बाद चिकित्सकों ने हालत में सुधार बताया और उसे वापस जेल भेज दिया गया।

दोबारा बिगड़ी हालत, सुबह हुई मौत
शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे कैदी की तबीयत फिर बिगड़ गई। उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण के बाद सुबह 10:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने बताया कि कैदी को गंभीर अवस्था में लाया गया था और आवश्यक परीक्षण के बाद उसकी मृत्यु की पुष्टि की गई।

जेल प्रशासन का बयान
जिला जेल के जेलर वाल्मीकि ध्रुव ने कहा कि कैदी को दोनों ही अवसरों पर नियमानुसार तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य बिगड़ते ही उसे अस्पताल भेजा गया था।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

 

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix