
Jagdalpur मेडिकल कॉलेज में HIV मरीज की पहचान उजागर करने का आरोप
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर मेडिकल कॉलेज से गंभीर लापरवाही और संवेदनहीन व्यवहार का मामला सामने आया है। डिलीवरी के लिए भर्ती एक HIV संक्रमित गर्भवती महिला की पहचान अस्पताल स्टाफ द्वारा अन्य मरीजों के सामने उजागर किए जाने का आरोप लगा है। महिला के पति ने इस संबंध में परपा थाने और मेडिकल कॉलेज के डीन को लिखित शिकायत सौंपी है।
डिलीवरी के लिए पहुंची थी गर्भवती महिला
दो दिन पहले गर्भवती महिला प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड पहुंची थी। इसी दौरान उसे HIV पॉजिटिव मरीज होने की जानकारी वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों और परिजनों के सामने बता दी गई, जिससे महिला और उसके परिवार को शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा।
पति का आरोप—नर्सों ने की बदसलूकी, करवाया बेड साफ
महिला के पति का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्सों और डॉक्टरों ने न सिर्फ मरीज के साथ अमानवीय व्यवहार किया, बल्कि अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं।
परिजनों के मुताबिक स्टाफ ने कहा—
“इसके साथ मत रहो, तुम्हें भी HIV हो जाएगा।”
इसके अलावा महिला से वार्ड में खुद अपना बिस्तर साफ करवाने का भी आरोप सामने आया है।
पुलिस और डीन के पास शिकायत
पीड़ित परिवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परपा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही मेडिकल कॉलेज के डीन को भी आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि अस्पताल स्टाफ द्वारा मरीज की गोपनीयता भंग करना न सिर्फ नैतिक रूप से गलत है बल्कि कानून का भी उल्लंघन है।
जांच की मांग, अस्पताल प्रशासन पर सवाल
मामले के बाद अस्पताल प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार की मांग है कि संबंधित स्टाफ नर्सों और डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी मरीज के साथ ऐसी संवेदनहीनता न हो।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



