
इलाज के अभाव में महिला की मौत: डॉक्टर-नर्स ड्यूटी पर नहीं थे मौजूद
परिजनों ने लगाया अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, जांच की मांग तेज
जगदलपुर। बस्तर जिले के ग्राम खोटलापाल से स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 60 वर्षीय रामशिला नामक महिला की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज के अभाव में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रात दो बजे बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर-नर्स नहीं थे मौजूद
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब दो बजे रामशिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे तत्काल सीएचसी पहुंचे, लेकिन वहां ड्यूटी पर कोई डॉक्टर या नर्स मौजूद नहीं थे। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, पर किसी ने जवाब नहीं दिया। इस दौरान महिला दर्द से तड़पती रही और सुबह करीब चार बजे उसने दम तोड़ दिया।
सुबह छह बजे पहुंचा अस्पताल स्टाफ
बताया गया कि अस्पताल का स्टाफ सुबह छह बजे अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो रामशिला की जान बचाई जा सकती थी।
प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषी डॉक्टरों और नर्सों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीएमएचओ ने दी सफाई
इस मामले पर सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने कहा कि रात दो बजे तक डॉक्टर और नर्स ड्यूटी पर मौजूद थे और मरीज का इलाज भी किया गया था, लेकिन महिला की हालत पहले से ही गंभीर थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



