
जगदलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 लाख रुपये का हशीश ऑयल जब्त, तस्कर गिरफ्तार
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर जोरदार प्रहार किया है। एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 4.170 किलोग्राम हशीश ऑयल (गांजा तेल) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 52 लाख 12 हजार 500 रुपये है।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित एक्शन
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि 45-50 वर्ष की आयु का एक व्यक्ति एक थैले में अवैध हशीश ऑयल लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बोधघाट थाना पुलिस की टीम ने ग्राम आड़ावाल के आगे झंडा चौक पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।

आरोपी की पहचान और बरामदगी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमित कुमार बाघ (47 वर्ष), पिता स्वर्गीय महंती बाघ बताया। उसके थैले की तलाशी में दो बोतलों में कुल 4.170 किलोग्राम हशीश ऑयल मिला। मौके पर नारकोटिक किट से जांच में पदार्थ की पुष्टि हुई। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 52 लाख रुपये आंकी गई है।
तस्करी का मकसद और जांच
प्रारंभिक पूछताछ में अमित कुमार ने कबूल किया कि अधिक मुनाफे की लालच में वह हशीश ऑयल की तस्करी कर रहा था। उसका इरादा इसे बड़े शहरों में ऊंची कीमत पर बेचने का था। पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। हशीश ऑयल की सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की जांच जारी है।

कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया गया। 25 दिसंबर को उसे विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



