
जगदलपुर में दिल दहला देने वाली घटना : बुजुर्ग ने बीमार पत्नी की हत्या की, फिर खुद की जान ली
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक पारिवारिक घटना सामने आई। यहां एक बुजुर्ग ने अपनी बीमार पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बोधघाट थाना क्षेत्र के बैला बाजार इलाके की है।

बेटे ने खोला दरवाजा, अंदर मिला भयावह मंजर
बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच जब बेटे ने नीचे ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे में उसकी मां और पिता दोनों मृत अवस्था में पड़े थे। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला था।
पारिवारिक विवाद बना घटना की वजह
मृतक बुजुर्ग की पहचान तारा सिंह (73) के रूप में हुई है, जबकि उनकी पत्नी विजय (70) लंबे समय से बीमार थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी की बीमारी और पारिवारिक कारणों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
रात में हुआ विवाद, गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
मंगलवार (3 फरवरी) की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे बेटे ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था। लेकिन रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच विवाद दोबारा शुरू हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर तारा सिंह ने घर में रखे नारियल काटने वाले धारदार हथियार से पत्नी के सिर और गले पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद खुद भी की आत्महत्या
पत्नी की हत्या के बाद तारा सिंह ने पानी गर्म करने वाले रॉड के तार से फंदा बनाया और चैनल गेट में बांधकर फांसी लगा ली। इससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



