
जगदलपुर-बीजापुर NH पर बड़ा हादसा, एंबुलेंस की टक्कर से मासूम की मौत
दंतेवाड़ा। जगदलपुर-बीजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-63 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी और एंबुलेंस के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक 6 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
परपा थाना क्षेत्र का मामला
यह हादसा परपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। जानकारी के अनुसार, गीदम रोड निवासी नेहा सिंह अपनी बेटी जान्हवी (6 वर्ष), विकास (26 वर्ष), नीतू (22 वर्ष) और 1 साल के बेटे के साथ स्कूटी पर सवार होकर बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थीं।

एंबुलेंस से जोरदार टक्कर, दूर तक फेंका गए सवार
इसी दौरान सामने से आ रही एक एंबुलेंस ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मासूम जान्हवी की मौत, बाकी तीन घायल
हादसे में जान्हवी (6 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेहा, नीतू और विकास को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से एंबुलेंस चालक फरार बताया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



