
Jagdalpur में दर्दनाक हादसा: मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए तालाब में कूदे बाप-बेटा, डूबने से दोनों की मौत
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां मधुमक्खियों के झुंड के हमले से बचने के लिए तालाब में कूदे बाप-बेटे की डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना शहर के नजदीकी छिंदगांव इलाके में मंगलवार शाम को हुई। परिवार दीपावली के बाद घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

मधुमक्खियों के झुंड ने किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिता और बेटा अपने खेत के पास काम कर रहे थे कि अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। झुंड इतना बड़ा था कि दोनों ने जान बचाने के लिए पास के तालाब की ओर दौड़ लगाई और पानी में कूद गए। लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।
घंटों बाद मिली दोनों की लाशें
गांव के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद पिता और पुत्र के शवों को तालाब से बाहर निकाला। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।
पुलिस ने किया मर्ग कायम, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला मधुमक्खियों के हमले के बाद तालाब में डूबने से मौत का है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



