
इजरायल का ईरान पर भीषण ड्रोन हमला: 15 फाइटर जेट, 6 हवाई अड्डे तबाह, बंकर और रनवे निशाने पर
तेल अवीव, 23 जून 2025:
इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने ईरान के छह प्रमुख हवाई अड्डों मशहद, तेहरान, हमादान, देजफुल, शाहिद बख्तरी और तबरीज के एयरपोर्ट को निशाना बनाया है रातोंरात किए गए ड्रोन हमलों में भारी तबाही मचाई है। इन हमलों में ईरान के 15 लड़ाकू विमान, कई हेलीकॉप्टर और महत्वपूर्ण सैन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया गया। आईडीएफ ने दावा किया है कि इस ऑपरेशन ने ईरानी वायुसेना की रीढ़ तोड़ दी है, जिससे उसकी हवाई संचालन क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
छह हवाई अड्डों पर ड्रोन हमले
आईडीएफ ने सोमवार को जानकारी दी कि पश्चिमी, पूर्वी और मध्य ईरान में स्थित छह हवाई अड्डों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में ईरान के एफ-14, एफ-5 लड़ाकू विमान और एएच-1 हेलीकॉप्टर नष्ट किए गए।

इसके अलावा, एक हवाई ईंधन भरने वाले विमान, रनवे, भूमिगत हैंगर और अन्य सैन्य सुविधाओं को भी भारी क्षति पहुंचाई गई। आईडीएफ ने बताया कि इन ड्रोन हमलों का उद्देश्य इजरायली अभियानों के खिलाफ इस्तेमाल होने वाले ईरानी विमानों को निष्क्रिय करना था।
ईरानी वायुसेना की टेकऑफ क्षमता बाधित
आईडीएफ के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि इन ड्रोन हमलों ने ईरानी हवाई अड्डों की टेकऑफ क्षमताओं को पूरी तरह बाधित कर दिया है। इससे ईरानी वायुसेना को हवाई संचालन शुरू करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हमलों ने तेहरान में चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि छह प्रमुख हवाई अड्डों की तबाही ने ईरानी वायुसेना की ताकत को झकझोर दिया है। ईरान की ओर से अभी तक इस हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इजरायल-ईरान के बीच 11 दिन से जंग
इजरायल और ईरान के बीच पिछले 11 दिनों से तीखी सैन्य टक्कर चल रही है। इस संघर्ष की शुरुआत 13 जून 2025 को हुई, जब इजरायल ने ईरान के सैन्य ठिकानों और परमाणु सुविधाओं पर बड़े पैमाने पर हमले किए,

जिसमें कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और परमाणु वैज्ञानिक मारे गए। जवाब में, ईरान ने तेल अवीव और हाइफा जैसे इजरायली शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। दोनों देशों के बीच यह संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है।
अमेरिका की युद्ध में एंट्री
इस बीच, अमेरिका ने भी इजरायल का समर्थन करते हुए ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार सुबह अमेरिकी वायुसेना ने सैकड़ों लड़ाकू विमानों और बंकर बस्टर बमों के साथ ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले किए।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि इन हमलों से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को भारी नुकसान पहुंचा है। ईरान ने अमेरिकी हमलों की कड़ी निंदा की है और इसका जवाब देने की धमकी दी है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



