
ईरान का एयरस्पेस बंद, रायपुर के यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते ईरान द्वारा अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिए जाने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर बड़ा असर पड़ा है। इसका सीधा असर छत्तीसगढ़, खासकर रायपुर के यात्रियों पर भी देखने को मिल रहा है। न्यूयॉर्क और अन्य देशों की ओर जा रहे रायपुर के कारोबारी और यात्री मुंबई एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।

तेहरान रूट से गुजरने वाली उड़ानें प्रभावित
जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी की देर रात मुंबई से उड़ान भरने वाली कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स को तेहरान एयर स्पेस से होकर गुजरना था। लेकिन ईरान द्वारा एयरस्पेस बंद किए जाने की सूचना मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा कारणों से विमानों को बीच रास्ते से ही वापस मुंबई लौटने के निर्देश दिए।
2 घंटे बाद वापस लौटी फ्लाइट, यात्रियों में हड़कंप
रायपुर निवासी महावीर तालेड़ा ने बताया कि उनकी फ्लाइट ने तय समय पर उड़ान भरी थी, लेकिन करीब दो घंटे बाद ही पायलट ने तकनीकी और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विमान को वापस मुंबई ले जाने की घोषणा कर दी। अचानक हुई इस घोषणा से विमान में बैठे सभी यात्री परेशान हो गए।
सुबह 4 बजे मुंबई में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
एयर ट्रैफिक कंट्रोल के निर्देश के बाद कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स सुबह करीब 4 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुईं। बड़ी संख्या में यात्रियों के एक साथ पहुंचने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ठहरने और आगे की यात्रा को लेकर असमंजस
महावीर तालेड़ा ने बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों के ठहरने की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई। न ही आगे की यात्रा को लेकर कोई ठोस जानकारी दी जा रही है। कई यात्रियों ने रिफंड न मिलने की भी शिकायत की है, जिससे नाराजगी और बढ़ गई है।
एयर इंडिया की एडवाइजरी
एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि ईरान में बन रहे हालात के कारण एयर स्पेस बंद कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। कुछ उड़ानों को वैकल्पिक रूट से संचालित किया जा रहा है, जिससे देरी संभव है। वहीं कुछ उड़ानों का रूट बदलना संभव नहीं होने के कारण उन्हें रद्द किया गया है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि एयरपोर्ट आने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें।
इंडिगो ने भी जताया खेद
इंडिगो एयरलाइंस ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि ईरान का हवाई क्षेत्र बंद होने से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यह स्थिति एयरलाइंस के नियंत्रण से बाहर है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए कंपनी ने खेद जताया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



