
दुकान के भीतर सट्टे का खेल! पाटन में पुलिस रेड से हड़कंप, लाखों की संपत्ति जब्त
पाटन (दुर्ग)। दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वार्ड क्रमांक 09 में अपनी इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पीछे मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालित कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से नगदी और मोबाइल के साथ-साथ सट्टे में इस्तेमाल की जा रही एक महंगी गाड़ी भी जप्त की है।
दुकान की आड़ में अवैध धंधा
पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली थी कि नितेश कुमार देवांगन नाम का व्यक्ति अपनी इलेक्ट्रॉनिक दुकान की आड़ में अवैध सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां आरोपी नितेश मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टे की पर्ची काटते हुए पाया गया।

15 लाख की गाड़ी और 54 हजार नगद जप्त
पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में माल बरामद किया है। जप्त की गई सामग्री का कुल मूल्य 15,74,170 रुपये बताया जा रहा है। जप्ती की सूची इस प्रकार है:
- एक टाटा वाहन: कीमत लगभग 15 लाख रुपये।
- नगद राशि: 54,170 रुपये।
- मोबाइल फोन: वीवो कंपनी का (कीमत 20 हजार)।
- अन्य सामग्री: सट्टा पर्ची और पेन।
आरोपी सलाखों के पीछे
पकड़े गए आरोपी नितेश कुमार देवांगन (44 वर्ष) के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



