February 11, 2026
कुत्ते को खाना खिलाने पर भड़के होटल कर्मचारी: युवक के सीने में उतारा चाकू,  दो आरोपी गिरफ्तार

कुत्ते को खाना खिलाने पर भड़के होटल कर्मचारी: युवक के सीने में उतारा चाकू,  दो आरोपी गिरफ्तार

Feb 11, 2026

रायपुर: राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलतरा फेस-02 में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ ‘अजय साहू’ के होटल में खाना खाने आए एक युवक की दो होटल कर्मियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस कत्ल की वजह सिर्फ इतनी थी कि युवक ने होटल कर्मी की थाली का बचा हुआ खाना कुत्ते को खिला दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

थाली का खाना बना मौत का कारण

घटना 9 फरवरी 2026 की रात की है। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले का निवासी शिव प्रसाद धुर्वे (35 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ सिलतरा स्थित होटल में खाना खाने पहुंचा था। होटल कर्मी सागर साहू अपनी थाली में खाना छोड़कर किचन में गया था। इसी बीच नशे की हालत में शिव प्रसाद धुर्वे ने उसकी थाली का खाना वहां मौजूद कुत्ते को खिलाना शुरू कर दिया। सागर साहू ने जब इसका विरोध किया, तो शिव प्रसाद ने नशे में कहा, “खिलाएंगे, क्या कर लोगे?” इसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई और शिव प्रसाद वहां से चला गया।

दोबारा होटल आना पड़ा महंगा, सीने में उतारा चाकू

मारपीट से नाराज शिव प्रसाद कुछ देर बाद अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा होटल पहुंचा और विवाद करने लगा। इस बार विवाद इतना बढ़ा कि होटल कर्मचारी पवन सेन और सागर साहू ने आव देखा न ताव, शिव प्रसाद को घसीटते हुए होटल से बाहर निकाला और उसके सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। शिव प्रसाद के साथी उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों आरोपी दबोचे गए

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में धरसींवा पुलिस, सिलतरा चौकी और एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 91/26 के तहत BNS की धारा 103 (हत्या), 351(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  •   पवन कुमार श्रीवास (35 वर्ष): निवासी पचपेढ़ी, जिला बिलासपुर।
  •   सागर साहू (24 वर्ष): निवासी ग्राम चरोदा, धरसींवा, रायपुर।

क्षणिक आवेश में उजड़ गया परिवार

पुलिस प्रशासन ने इस घटना को ‘क्षणिक विवाद’ का परिणाम बताया है। एक छोटी सी बहस और गुस्से पर काबू न रख पाने के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई और दो युवक अब सलाखों के पीछे हैं। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी कर रही है।

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix