
Hotel मैनेजर पर बियर की बोतल से जानलेवा हमला, Durg पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दुर्ग, 17 अगस्त 2025: थाना वैशाली नगर पुलिस ने होटल सेंटर पॉइंट में हुई एक सनसनीखेज घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशु साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने होटल मैनेजर नंदन सिंह पर बियर की बोतल से सिर पर प्राणघातक हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने चंद घंटों के भीतर उसे धर दबोचा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

घटना का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 16 अगस्त 2025 को थाना वैशाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि सद्भावना चौक के पास स्थित चिल्ली पेपर बार के समीप होटल सेंटर पॉइंट में मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि होटल मैनेजर नंदन सिंह पर आरोपी विशु साहू ने बियर की बोतल से सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई। पुलिस ने मौके पर ही देहाती नालसी दर्ज की और थाने लौटकर धारा 296, 115(2), 351(3), 109 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी विशु साहू अपने दोस्तों के साथ चिल्ली पेपर बार में शराब पीने और खाना खाने गया था। उसने बार कर्मचारी से म्यूजिक सिस्टम की आवाज बढ़ाने के लिए दो-तीन बार कहा, लेकिन कर्मचारी ने उसकी बात नहीं मानी और मामला होटल मैनेजर नंदन सिंह तक पहुंचा। इसी बात से नाराज होकर विशु साहू ने मैनेजर पर बियर की बोतल से हमला कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वैशाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विशु साहू, निवासी कृष्णा नगर, गणेश चौक, सुपेला, भिलाई को 17 अगस्त 2025 को गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्यवाही में थाना वैशाली नगर पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



