
परिवार बचाने वालों का सम्मान, Bhilai महिला थाना के काउंसलर और स्टाफ हुए सम्मानित
दुर्ग। पारिवारिक विवादों के समाधान में भिलाई महिला थाना का पारिवारिक परामर्श केन्द्र जिले के लिए एक मिसाल बनकर सामने आया है। वर्ष 2025 में केन्द्र को मिले 1606 आवेदनों में से 1464 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण कर सैकड़ों परिवारों को टूटने से बचाया गया। इसी सराहनीय कार्य के लिए महिला थाना भिलाई में कार्यरत पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं काउंसलरों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस ऑफिसर्स मेस में किया गया, जिसमें विशिष्ट अतिथि पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) एवं मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
आईजी गर्ग की दो टूक
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि पारिवारिक विवादों का बेहतर काउंसलिंग के माध्यम से समाधान कर समाज को विघटन से बचाया जा सकता है। उन्होंने बढ़ते पारिवारिक विवादों पर चिंता जताते हुए स्कूल–कॉलेजों में पारिवारिक मूल्यों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता बताई।

एसएसपी विजय अग्रवाल का फोकस— महिलाएं, पुरुष और अब सीनियर सिटीजन
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि पारिवारिक परामर्श केन्द्र में अब केवल महिला ही नहीं, बल्कि पुरुषों और भविष्य में सीनियर सिटीज़न के आवेदनों पर भी कानूनी व भावनात्मक काउंसलिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रति रविवार पुरुष आवेदकों के लिए विशेष काउंसलिंग शुरू की जा चुकी है।
डर नहीं, संवाद से समाधान
महिला थाना भिलाई के पारिवारिक परामर्श केन्द्र में बिना भय और दबाव के सौहार्दपूर्ण वातावरण में काउंसलिंग कर पारिवारिक मामलों का निपटारा किया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि जिले में पारिवारिक विवादों से जुड़ी किसी भी बड़ी अप्रिय घटना पर समय रहते रोक लगाई जा सकी। वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना स्टाफ को प्रशस्ति पत्र और काउंसलरों को स्मृति भेंट देकर सम्मानित किया गया।

इनकी रही खास मौजूदगी
अति. पुलिस अधीक्षक IUCAW श्रीमती पद्मश्री तंवर,
उप पुलिस अधीक्षक IUCAW श्रीमती भारती मरकाम,
थाना प्रभारी महिला थाना नीता राजपूत,
सहित महिला थाना स्टाफ और काउंसलर—
ज्योति पुरन, आबदा खान, शाहना कुरैशी, ज्योति शर्मा, अमिता कुमार, शबनम खान, कामिनी तिवारी, अंजना श्रीवास्तव, रत्ना रानी, डॉ. निमिशा, मोनिका सिंह, सुधा चंद्राकर एवं अशोक जोशी मौजूद रहे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



