
शेयर ट्रेडिंग में रकम दोगुना करने का झांसा, सुपेला पुलिस ने 77 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी दबोचे
दुर्ग। शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्टमेंट के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले गिरोह पर सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऐरिना कौप्टिल कंपनी द्वारा रकम दोगुना करने का लालच देकर की गई 77 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रार्थी प्रिंस चंद्राकर (38), निवासी गौरी नगर धमतरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर से 4 नवंबर 2025 के बीच कंपनी के संचालक योगेश साहू, मैनेजर मेघा साहू और उनकी टीम ने लोगों को 10% मासिक लाभ और निवेश की गई रकम दोगुनी कर वापस करने का लालच दिया। इस बहाने उनसे 77 लाख रुपये जुटाए गए और बाद में रकम वापस नहीं की गई।
दस्तावेज सहित कई सामान जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने जयंत कुमार और अरुण सरकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने ठगी में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने कंपनी के कार्यालय से 19 सील-पैड, सीसीटीवी का DVR, कंप्यूटर सेट, ऑफिस पोस्टर, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन सहित कई दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जांच में पाया गया कि आरोपी संगठित रूप से लोगों को लालच देकर निवेश कराते थे और बेईमानी कर रकम हड़प लेते थे। प्रकरण में धारा 111(4) सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं। दोनों आरोपियों को 20 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव सहित सुपेला पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



