
भारत स्काउट्स-गाइड्स का ऐतिहासिक आयोजन: बालोद में पहली बार अंतरराष्ट्रीय जंबूरी, 12 हजार प्रतिभागी होंगे शामिल
बालोद। भारत स्काउट्स और गाइड्स के इतिहास में पहली बार अंतरराष्ट्रीय जंबूरी का आयोजन छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में होने जा रहा है। यह भव्य आयोजन स्काउट-गाइड की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 9 से 14 जनवरी 2026 तक मालीघोरी मैदान में आयोजित किया जाएगा।

12 हजार स्काउट्स-गाइड्स होंगे शामिल
मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस कार्यक्रम में भारत सहित कई देशों से लगभग 12 हजार स्काउट्स-गाइड्स शामिल होंगे। छाबड़ा ने बताया कि आयोजन में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग लेंगे और कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित केंद्र सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
तैयारियों में बनेगा अस्थायी शहर
आयोजन स्थल पर 12 विशाल पंडाल, एक अस्थायी स्टेडियम, पानी, बिजली, शौचालय, संचार और सुरक्षा की मजबूत व्यवस्था की जा रही है। इसे एक अस्थायी शहर की तरह विकसित किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग भी लिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह आयोजन स्काउट-गाइड्स का भारत का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम होगा, जो आने वाले वर्षों के लिए मिसाल बनेगा।

स्काउट एंड गाइड क्या है?
स्काउट-गाइड युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करने की संस्था है। कैंपिंग, हाइकिंग, समाज सेवा और सामुदायिक कार्य जैसी गतिविधियाँ इसका हिस्सा होती हैं। यह आयोजन न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के स्काउट-गाइड आंदोलन के लिए भी एक ऐतिहासिक पड़ाव माना जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



