
PLGA वीक ऐलान के बाद बस्तर में हाई अलर्ट: नक्सलियों ने पहली बार स्वीकारा 320 कैडर खोने का बड़ा नुकसान
जगदलपुर। नक्सलियों द्वारा 2 से 8 दिसंबर तक PLGA (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) सप्ताह मनाने की घोषणा के बाद बस्तर संभाग में सुरक्षा इंतजाम और अधिक कड़े कर दिए गए हैं। नक्सल संगठन ने इस दौरान भारत बंद का भी ऐलान किया है, जिसके बाद सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

11 महीनों में हुई मुठभेड़ों में 320 सदस्य मारे गए
गौर करने वाली बात यह है कि इस बार नक्सलियों के बयान का केंद्र उनकी कमजोरी और भारी नुकसान रहा। अपनी जारी की गई बुकलेट में संगठन ने स्वीकारा है कि पिछले 11 महीनों में हुई मुठभेड़ों में उनके करीब 320 सदस्य मारे गए, जिनमें सबसे अधिक संख्या दंडकारण्य जोन की है। यह पहली बार है जब नक्सल संगठन ने सार्वजनिक रूप से इतना बड़ा नुकसान स्वीकार किया है।

अलर्ट मोड में सुरक्षाबल
सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सलियों के घटते मनोबल और संगठन के भीतर बढ़ रही अस्थिरता का संकेत मान रही हैं। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि PLGA वीक के दौरान किसी भी बड़ी घटना को रोकने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। गश्त, सर्च ऑपरेशन, एंटी-नक्सल मूवमेंट तेज कर दिया गया है और अंदरूनी इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बलों को ट्रिगर मोड पर रखा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



