
पलंग की दराज में छुपाकर रखी थी हेरोइन! कबीर नगर में पति-पत्नी गिरफ्तार, 3.45 लाख की नशीली सामग्री जब्त
रायपुर। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कबीर नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कबीर नगर इलाके में एक घर पर दबिश देकर पति-पत्नी को प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 16.01 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन समेत कुल करीब 3 लाख 45 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है। दोनों आरोपी पंजाब से हेरोइन लाकर रायपुर में सप्लाई कर रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना कबीर नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि LIG-02/20 कबीर नगर में हरप्रीत कौर नामक महिला अपने घर में हेरोइन रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलत राम पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक ईशु अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पलंग की दराज से मिली हेरोइन
पुलिस टीम ने जब हरप्रीत कौर को हिरासत में लेकर घर की तलाशी ली, तो पलंग की दराज में रखी एक प्लास्टिक जिपर थैली से हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पति जोधा सिंग यह नशीला पदार्थ पंजाब से लाकर बिक्री करता था। इसी दौरान आरोपी जोधा सिंग भी मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अवैध मादक पदार्थ रखने और सप्लाई करने का जुर्म स्वीकार किया। आरोपियों के पास से हेरोइन के साथ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
कबीर नगर थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 261/25 धारा 21(B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी
1. हरप्रीत कौर, पति जोधा सिंग, उम्र 31 वर्ष, निवासी LIG-2/20 कबीर नगर, रायपुर
2. जोधा सिंग, पिता सतनाम सिंग, उम्र 28 वर्ष, निवासी LIG-2/20 कबीर नगर, रायपुर
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें



