
Helmet न पहनने पर Petrol देने से किया मना, हेलमेट मांगकर पेट्रोल भरवाया
रायपुर। राजधानी में पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन द्वारा चलाए जा रहे ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान के दूसरे दिन भी शहर के कई पेट्रोल पंपों पर इसका क्रियान्वयन ठीक से नहीं हो पा रहा है।

फाफाडीह पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट आए बाइक सवार को कर्मचारियों ने पेट्रोल देने से मना किया, लेकिन इसके बाद एक अन्य बाइक सवार ने हेलमेट पहनकर पेट्रोल करवाया। फिर बिना हेलमेट वाला युवक उस हेलमेट को उधार लेकर पेट्रोल डलवाने में सफल रहा।
इसी प्रकार रायपुरा, न्यू राजेंद्र नगर और अन्य स्थानों के कई पेट्रोल पंपों में भी बिना हेलमेट वाले लोग पेट्रोल लेने में सक्षम पाए गए। हालांकि, कई जगह “बिना हेलमेट पेट्रोल न दें” के पोस्टर जरूर लगाए गए हैं, लेकिन यह नियम ज्यादातर जगह सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहा है।
सड़क सुरक्षा के लिए एसएसपी का आह्वान
रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने राजधानी और आसपास के दोपहिया विक्रेताओं व पेट्रोल पंप डीलर्स से सड़क सुरक्षा को लेकर सहयोग बढ़ाने का आग्रह किया है।
उन्होंने डीलर्स को कहा कि वे अपने ग्राहकों को हेलमेट की अनिवार्यता और सुरक्षा के फायदे के प्रति जागरुक करें।
स्पीड बाइक बेचते समय सुरक्षा उपकरणों की जानकारी देना भी आवश्यक है।
पिछले सात महीनों में सड़क हादसों में सिर में चोट लगने से 214 लोगों की मौत हुई है, जिससे हेलमेट के महत्व को और बढ़ावा मिलता है।
अगस्त में एसएसपी ने डीलर्स को पत्र लिखकर भी हेलमेट वितरण को अनिवार्य करने की बात कही थी।
डीलर्स की पहल और चुनौतियां
रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी ने बताया कि सभी डीलर्स को पहले ही हेलमेट देने की सलाह दी जा चुकी है।
कंपनी से बातचीत चल रही है कि वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को नि:शुल्क हेलमेट भी दिया जाए, जिससे हेलमेट का उपयोग बढ़ सके।

यातायात विभाग की बैठक और आगे की रणनीति
हाल ही में यातायात कार्यालय में रायपुर के दोपहिया विक्रेताओं, डीलर्स और पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें आरटीओ आशीष देवांगन, एएसपी डॉ. प्रशांत शुक्ला, एएसपी ट्रैफिक डॉ. अनुराग झा, डीएसपी सतीश ठाकुर समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
पेट्रोल पंप संचालक भी लगातार जागरूकता बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता की अनियमितता और जागरूकता की कमी बड़ी बाधा बनी हुई है।
पेट्रोल पंपों पर कई बार हेलमेट ना पहनने को लेकर विवाद की स्थिति भी बनती रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



