
Khairagarh : हरडुवा जलाशय में युवती की हत्या का खुलासा, 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
थाना ठेलकाडीह क्षेत्र अंतर्गत हरडुवा जलाशय बांध में मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने महज़ 06 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार बताया जा रहा है।

जलाशय में तैरता मिला अज्ञात शव
दिनांक 26 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे थाना ठेलकाडीह पुलिस को सूचना मिली कि हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
आधार कार्ड से हुई मृतिका की पहचान
जांच के दौरान पानी में कुछ दूरी पर एक कैरी बैग मिला, जिसमें मृतिका का आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल के दस्तावेज पाए गए। इसके आधार पर मृतका की पहचान रूपा साहू (21 वर्ष) पिता देवनाथ साहू, निवासी रामनगर मुक्तिधाम, सुपेला भिलाई, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई। परिजनों को तत्काल सूचना दी गई।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहाती नालसी अपराध क्रमांक 12/2026 धारा 103(1)-238 बीएनएस के तहत दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। शव का पंचनामा कर सीएचसी घुमका में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टर ने हार्ड एवं ब्लंट ऑब्जेक्ट से सिर पर गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव से मृत्यु होना बताया।
प्रेमी ने किया हत्या का कबूलनामा
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मृतिका का हरडुवा निवासी आनंद वर्मा पिता राधेलाल वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी शादी नहीं करना चाहता था, जबकि युवती लगातार विवाह का दबाव बना रही थी।
पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था।
मोटरसाइकिल से ले जाकर पत्थर से की हत्या
आरोपी ने बताया कि वह युवती को मोटरसाइकिल में बैठाकर हरडुवा जलाशय ले गया, जहां पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को छुपाने के लिए दो गमछों से कमर बांधकर बड़े पत्थर के साथ पानी में फेंक दिया।

हत्या में प्रयुक्त सामान जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर, खून से सने कपड़े एवं मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर 27 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



