
हैदराबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: जन्मदिन का जश्न बना मातम, चार छात्रों की मौत
हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पास गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार छात्रों की जान चली गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार एसयूवी के पेड़ से टकराने के बाद यह हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चार युवकों की मौत हो गई।
जन्मदिन मनाकर लौट रहा था छात्रों का समूह
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रंगारेड्डी जिले के मोकिला क्षेत्र में मिर्जापुर के पास हुई। छात्र एक दोस्त का जन्मदिन मनाकर मोकिला से हैदराबाद लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से चल रही एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।

चार छात्रों की मौके पर मौत
हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से तीन मोकिला स्थित आईसीएफएआई बिजनेस स्कूल (IBS) के बीबीए के छात्र थे, जबकि चौथा छात्र एमजीआईटी कॉलेज में अध्ययनरत था। दुर्घटना में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में पुलिस ने तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



