
Durg : हार्ट अटैक पीड़ित बुजुर्ग महिला को 40 मिनट में भिलाई से रायपुर पहुँचाया
दुर्ग यातायात पुलिस ने ऑपरेशन सुरक्षा के अंतर्गत मानव सेवा और त्वरित आपातकालीन प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। यातायात पुलिस की तत्परता से 67 वर्षीय हार्ट अटैक पीड़ित महिला को सुरक्षित रूप से रायपुर अस्पताल पहुँचाया गया।
हार्ट अटैक के बाद रायपुर किया गया रेफर
जानकारी के अनुसार, रिसाली भिलाई निवासी श्रीमती शीला देवी (67 वर्ष) को हार्ट अटैक आने के बाद स्पर्श हॉस्पिटल, भिलाई में भर्ती कराया गया था। मरीज की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर रेफर किया।
यातायात पुलिस ने तत्काल बनाया ग्रीन कॉरिडोर
मामले की संवेदनशीलता और समय की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भिलाई से रायपुर तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। मार्ग में तैनात यातायात जवानों ने आपसी समन्वय से सिग्नल क्लियर कराए और अन्य वाहनों को नियंत्रित कर एम्बुलेंस को निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराया।
40 मिनट में सुरक्षित अस्पताल पहुँची मरीज
यातायात पुलिस की सतर्कता और अनुशासित ट्रैफिक प्रबंधन के कारण एम्बुलेंस लगभग 40 मिनट में रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर पहुँची, जहाँ मरीज का उपचार जारी है।
त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का उदाहरण
यह पूरी कार्यवाही यातायात पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, कर्तव्यनिष्ठा और आपातकालीन सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस की इस सराहनीय पहल से एक बार फिर साबित हुआ कि समय पर की गई कार्रवाई जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



