
PWD की घोर लापरवाही बनी मौत की वजह, खुले गड्ढे में गिरा युवक
रायपुर। राजधानी रायपुर में लोक निर्माण विभाग (PWD) और उसके ठेकेदार की घोर लापरवाही एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। हीरापुर क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए सड़क पर खोदे गए बिना बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत वाले गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिना चेतावनी खोदा गया था गड्ढा
जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज निर्माण कार्य के तहत PWD ठेकेदार द्वारा सड़क पर गड्ढा खुदवाया गया था, लेकिन न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई संकेतक बोर्ड लगाया गया था। रात के अंधेरे में यही लापरवाही जानलेवा साबित हुई।

ड्यूटी जाते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान बिहार निवासी मुना कुमार के रूप में हुई है, जो रायपुर में एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस के मुताबिक, मुना रोज की तरह रात में ड्यूटी पर जा रहा था, तभी अचानक वह खुले गड्ढे में गिर गया।
पानी भरे गड्ढे में बिगड़ी हालत
गिरने के दौरान युवक के सिर में गंभीर चोट आई। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण उसकी हालत और बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना सुबह मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



