
ग्रीन वैली में किराए के मकान से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा पैनल, एक गिरफ्तार
भिलाई। 15 जून 2025
स्मृति नगर चौकी अंतर्गत चौहान ग्रीन वैली के एक किराए के मकान में ऑनलाइन सट्टा एप का पैनल चलाया जा रहा था, जिसका पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने मोबाइल से ऑनलाइन गेमिंग सट्टा एप में सट्टा लिख रहा है। सूचना पर पुलिस की टीम ने रेड मारकर मौके से एक आरोपी जितेन्द्र शर्मा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी जितेन्द्र कुमार शर्मा (28 वर्ष), निवासी दुर्ग ने बताया कि अहिवारा के रहने वाले देवेंद्र सिंह ने उसे ऑनलाइन गेमिंग सट्टा एप में काम करने का ऑफर दिया था। इसके बाद उसने अपने दो अन्य साथियों—अजय कुमार उर्फ अज्जू और शाहिद अंसारी के साथ मिलकर चौहान ग्रीन वैली में किराए का मकान लेकर पैनल शुरू किया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 एटीएम कार्ड, चेक बुक, पास बुक, 3 सिम कार्ड, 2000 रुपये नकद, एक आईफोन और एक सैमसंग अल्ट्रा मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस, 7 और 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



