
Durg : ‘गोगो पेपर’ और हुक्का सामग्री के अवैध कारोबार का खुलासा
युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन, विशेषकर गांजा सेवन को रोकने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बुधवार को शहर में बड़ी और समन्वित कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित 35 से अधिक पुलिस टीमों ने एक साथ शहर के विभिन्न इलाकों में रेड कर ‘गोगो/रोलिंग पेपर’, हुक्का फ्लेवर, चिलम और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

पान ठेलों और दुकानों से हो रहा था अवैध विक्रय
रेड कार्रवाई के दौरान सामने आया कि शहर के कई पान ठेले, गुमटियां और डेली नीड्स की दुकानें गांजा पीने में उपयोग होने वाले गोगो/रोलिंग पेपर, चिलम, हुक्का फ्लेवर और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला का खुलेआम अवैध विक्रय कर रही थीं। यह गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन थीं, बल्कि युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा भी बन रही थीं।

करीब 2 लाख की नशीली सामग्री जप्त
संयुक्त पुलिस टीमों ने नियमानुसार तलाशी लेकर करीब 02 लाख रुपये मूल्य की भारी मात्रा में नशीली सामग्री जप्त की। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर COTPA Act के उल्लंघन के मामलों में संबंधित दुकानों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत इस्तगासा प्रस्तुत कर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
सप्लाई चेन की जांच, आगे होगी कार्रवाई
पुलिस द्वारा जप्त सामग्री की सप्लाई चेन (Backward Linkage) का भी पता लगाया गया है। इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध आगामी दिनों में वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित है।
इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
रेड कार्रवाई के दौरान कुल 16 दुकानों/ठेलों पर कार्रवाई की गई, जिनमें—
•मोहन नगर : 08
•स्मृतिनगर : 05
•नेवई : 02
•दुर्ग क्षेत्र : 01
17 आरोपी पुलिस कार्रवाई की जद में
इस कार्रवाई में कुल 17 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है, जिनमें पान दुकान, चाय ठेला, होटल और डेली नीड्स स्टोर संचालक शामिल हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



