
गवाहों को धमकाने पर हत्या का आरोपी फिर जेल में
हत्याकांड के बाद गवाहों पर दबाव
पखांजूर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता असीम राय की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी विकास पाल को एक बार फिर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या के मामले में पहले जमानत पर रिहा हुए विकास पाल पर अब गवाहों को धमकाने और झूठी गवाही देने के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगा है।

पुलिस को मिली शिकायत, तुरंत कार्रवाई
पुलिस को मिली शिकायत में कहा गया कि विकास पाल गवाहों को अदालत में झूठ बोलने के लिए मजबूर कर रहा था और ऐसा न करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था। इस शिकायत के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांकेर, आइके एलसेला के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे और एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लक्ष्मण केवट के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस टीम ने विकास पाल (56 वर्ष), निवासी पीवी 31 हरिहरपुर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान विकास ने गवाहों को धमकाने और दबाव डालने के आरोप को स्वीकार किया। इसके बाद 24 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर पखांजूर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



