
अवैध कच्ची शराब पर प्रशासन की सख्ती: Gariyaband जंगल से 150 लीटर मदिरा जब्त, मुकदमा दर्ज
गरियाबंद। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान रंग ला रहा है। आबकारी अधिकारी गजेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने 31 अक्टूबर को ग्राम इंदागांव से सटे जंगल में छापेमारी की। जंगल में छिपाकर रखी गई 150 बल्क लीटर कच्ची मदिरा बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।

जंगल में छिपाई गई थी मदिरा
आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदागांव के पास जंगल में कच्ची मदिरा का बड़ा जखीरा छिपाया गया है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जंगल के संभावित स्थलों पर दबिश दी। घने जंगल में प्लास्टिक के ड्रमों और कंटेनरों में भरकर रखी गई 150 लीटर अवैध कच्ची मदिरा बरामद की गई। मौके पर मदिरा बनाने के उपकरण भी मिले, जिससे साफ था कि यही जगह निर्माण का अड्डा थी।
आरोपी फरार, तलाश तेज
कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। आबकारी टीम ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए दबिशें डाली जा रही हैं। जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी स्थानीय स्तर पर लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चला रहा था। उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ सतत अभियान
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले कुछ दिनों में कई स्थानों पर छापे मारे गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जंगलों का दुरुपयोग कर शराब बनाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



