
Gariyaband: जिंदा पैंगोलिन के साथ 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैला था नेटवर्क
गरियाबंद। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना देवभोग और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 9 किलो जीवित सालकापरी (पैंगोलिन) और 6.13 किलो सालकापरी की छाल बरामद की गई है।
मिला जिंदा पैंगोलिन
जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग वन्यजीव की तस्करी की योजना बना रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर देवभोग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कार (OD 08 D 7638) और मोटरसाइकिल (CG 05 C 9151) को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस को जीवित पैंगोलिन और उससे जुड़ी सामग्री मिली।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक फैला था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर पैंगोलिन बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भकुला पात्र (55) और तारिणी पात्र (52), निवासी कालाहांडी (ओडिशा), तथा नागेश पात्र (35), निवासी देवभोग (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 27, 29, 31, 39, 51(1) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1972 के तहत भी अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇*
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



