
Gariaband नकली कफ सिरप का भंडाफोड़: फर्जी बिल और जाली दवा बेचने का आरोप, संचालक पर FIR दर्ज
गरियाबंद।, अभनपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। नवापारा के नवकार मेडिकल स्टोर्स से फर्जी बिल पर खासी की बेस्टो कोफ सिरप बेची जा रही थी। इस गंभीर मामले में पुलिस ने मेडिकल स्टोर्स के संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
औचक निरीक्षण में पकड़ा गया फर्जी कारोबार
खाद्य एवं औषधि विभाग के औषधि निरीक्षक ने 9 सितंबर 2025 को नवापारा स्थित मेसर्स नवकार मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में बिल क्रमांक 460, दिनांक 23.09.2024 के आधार पर सिरप बैच नंबर बी 6019024, एक्सपायरी 12/25, MRP 114.94 की बिक्री दिखाई गई, जबकि जांच में यह दवा नकली और बिल फर्जी पाया गया।

नकली दवा का स्रोत और आपराधिक षड्यंत्र
जांच में यह भी सामने आया कि मेसर्स नवकार मेडिकल स्टोर्स के प्रोपराइटर पारसमल जैन एवं मेसर्स कुलेश्वर मेडिकल स्टोर एंड जनरल स्टोर्स, राजिम के बीच नकली औषधियों का अवैध व्यापार किया जा रहा था। आरोपी सीताराम साहू ने अपने बयान में स्वीकार किया कि उसे यह नकली औषधि नवकार मेडिकल स्टोर्स से प्राप्त हुई थी।
कानूनी कार्रवाई और जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गोबरा नवापारा में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 340(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा भी मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



