
गर्भवती महिला की कीचड़ भरी सड़क पर 4 किमी की मुश्किल यात्रा, एंबुलेंस नहीं पहुंची गांव
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में लगातार बारिश ने हालात को बद से बदतर कर दिया है। जिले के कई इलाकों में सड़कें कीचड़ के दलदल में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। इस बीच, एक गर्भवती महिला को खराब सड़कों के कारण गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा
खराब सड़क बनी मुसीबत
कोयलीबेड़ा विकासखंड के पंडरीपानी से गुमड़ीपारा गांव का रास्ता पूरी तरह कच्चा है। बारिश के कारण यह सड़क कीचड़ से लबालब हो गई है, जिस पर पैदल चलना भी चुनौतीपूर्ण है। इस स्थिति में गाड़ी या बाइक से जाना असंभव हो चुका है। गांव की रहने वाली नौ महीने की गर्भवती सुनीता कोमरा को मंगलवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई, लेकिन सड़क की खराब हालत के चलते एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी और करीब 4 किलोमीटर दूर रुक गई।

मजबूरी में कीचड़ में चलीं सुनीता
मजबूरी में सुनीता को अपने पति और परिवार की चार अन्य महिलाओं के साथ कीचड़ भरे रास्ते पर 4 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। इस मुश्किल सफर के बाद वे किसी तरह एंबुलेंस तक पहुंचे। इसके बाद सुनीता को पखांजूर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, सुनीता की स्थिति अब स्थिर है।
ग्रामीणों का दर्द: आजादी के बाद भी नहीं बनी पक्की सड़क
गांव के लोगों का कहना है कि आजादी के इतने साल बीत जाने के बाद भी उनके गांव में पक्की सड़क नहीं बनी है। ग्रामीणों ने कई बार सरपंच और प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हर बारिश में उन्हें इसी तरह की परेशानियों से जूझना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द सड़क निर्माण करवाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



