
Raipur : ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई, गांजा व जंगली जीव के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम गांजा और प्रतिबंधित जंगली जीव गोह (गोइंहा) के साथ एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाना आरंग क्षेत्र के इंदिरा चौक स्थित मोनू ब्रायलर दुकान के पास पकड़ा गया।
गांजा बिक्री की फिराक में था आरोपी
20 दिसंबर 2025 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक्टिवा सवार आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास 5 किलो गांजा, गांजा बिक्री की नगदी राशि 1 लाख 27 हजार 260 रुपये तथा एक झोले में दो जंगली जीव गोह पाए गए।

शातिर अपराधी, दर्ज हैं 15 से अधिक मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुकुमत साहू (37 वर्ष), निवासी देवारपारा तेलीबांधा रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा, नारकोटिक एक्ट, चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित कुल 15 अपराध दर्ज हैं। वह पूर्व में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा भी काट चुका है और नारकोटिक एक्ट के एक मामले में फरार था।

वाहन और मशरूका जब्त, वन विभाग को सौंपे गए जीव
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, दो जंगली जीव गोह को सुरक्षित रूप से वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना आरंग में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 727/25 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



