
Bhilai Steel Plant में कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के भीतर घुसकर कीमती कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह के सरगना को भट्ठी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी शत्रुघन धनकर इलाके का निगरानीशुदा बदमाश है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर प्लांट से तांबा चोरी करने का सिंडिकेट चला रहा था। पुलिस ने इस मामले में चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई कार को पहले ही बरामद कर लिया था।
बाउंड्री वॉल फांदकर की थी घुसपैठ
जानकारी के अनुसार, यह मामला 3 फरवरी 2026 का है, जब CISF की टीम ने भिलाई स्टील प्लांट के प्रोपेन प्लांट क्षेत्र के पास से एक संदिग्ध सेंट्रो कार पकड़ी थी। कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में कॉपर स्क्रैप वायर लोड मिला। मौके से संतोष निषाद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में संतोष ने खुलासा किया कि उसने गिरोह के सरगना शत्रुघन धनकर के साथ मिलकर प्लांट की बाउंड्री वॉल फांदकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था।

लाखों का तांबा और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹1,36,500 बताई जा रही है। इसके अलावा चोरी के तार ढोने के लिए इस्तेमाल की गई हुंडई सेंट्रो कार (क्रमांक CG-04-E-9100) को भी जब्त किया गया है।
सरगना शत्रुघन धनकर की गिरफ्तारी
फरार मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी भट्ठी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार, 6 फरवरी को संगम चौक (स्टेशन मरोदा) में दबिश दी। पुलिस ने यहाँ से शत्रुघन धनकर (43 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पुलिस का निगरानीशुदा बदमाश है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



