
काम देने के बहाने बुलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म: फिर हाथ में थमा दिए 200 रुपये, 3 आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर | छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र में एक महिला को नौकरी और काम का झांसा देकर बुलाया गया और फिर तीन दरिंदों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है।
नौकरी का झांसा देकर बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को काम दिलाने के बहाने वाड्रफनगर बुलाया था। महिला जब वहां पहुंची, तो आरोपी उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान कमरे में ले गए। वहां तीनों ने बारी-बारी से महिला के साथ दरिंदगी की।
जख्मों पर नमक: 200 रुपये देकर घर भेजा
हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने पीड़िता के हाथ में महज 200 रुपये थमाए और उसे बस में बिठाकर वापस घर भेज दिया। घर पहुंचने के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों के परीक्षण के बाद इस सामूहिक दुष्कर्म का खुलासा हुआ।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलते ही वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर अंबिकापुर से तीनों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
- रवि चंद परासिया (निवासी: ग्राम भरहीबांस)
- तेजमारी गौतम (निवासी: ग्राम रमेशपुर)
- दीपक कुमार कुशवाहा (निवासी: ग्राम जौराही)
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



