
5 राज्यों में फैले साइबर ठगों का गिरोह गिरफ्तार, फर्जी .APK से हैक कर करते थे करोड़ों की ठगी
रायपुर, 17 नवंबर 2025। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 राज्यों से 6 अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी .APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये की ठगी करता था।

हैकर के जरिए बनाते थे फर्जी ऐप
गिरोह के हैकर धर्मजीत सिंह (पुणे) द्वारा RTOEchallan.apk, PMkisanyojna.apk, ICICIBank.apk, SBIyono.apk सहित कई फर्जी ऐप बनाए जाते थे, जिन्हें WhatsApp–Telegram के जरिए बेचा जाता था। इन ऐप को क्लिक करते ही मोबाइल पूरी तरह हैक हो जाता था।

छापेमारी कर आरोपियों को किया गिरफ्तार
आरोपियों ने रायपुर में अर्चना भदौरिया से ₹5.12 लाख और महेश कुमार साहू से ₹12 लाख की ठगी की थी। दोनों मामलों की जांच में तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर आरोपियों में सौरव कुमार, आलोक कुमार, चांद बाबू, धर्मजीत सिंह, इरफान अंसारी और मारूफ सिद्दीकी—को गिरफ्तार किया। गिरोह म्यूल बैंक खातों के जरिए पैसे निकालकर आपस में बांटता था। आरोपियों के खातों में ₹2 लाख होल्ड कराए गए हैं, बाकी राशि की जांच जारी है।

पुलिस की अपील
किसी भी अज्ञात लिंक या फर्जी .APK फाइल को क्लिक/डाउनलोड न करें, केवल Play Store से ही ऐप इंस्टॉल करें, और ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



