
वायरल वीडियो पर रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, गंडासा लेकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को गंभीरता से लेते हुए रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वीडियो में एक युवक हाथ में गंडासा लेकर आम लोगों को डराते-धमकाते हुए नजर आ रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

रामकुंड इलाके का बताया जा रहा है वीडियो
यह मामला रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत रामकुंड स्थित आमातालाब बगीचा पारा का है, जहां एक व्यक्ति द्वारा खुलेआम धारदार हथियार लहराकर लोगों को आतंकित किया जा रहा था। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।
डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देश पर हुई कार्रवाई
वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को आरोपी की तत्काल पहचान कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आरोपी की पहचान कर किया गया गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी आजाद चौक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान भावेश जंघेल के रूप में की। पतासाजी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
स्टील का गंडासा किया गया जप्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टील का एक बड़ा गंडासा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 34/26 धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी का नाम भावेश जंघेल उर्फ राहुल, पिता स्वर्गीय विनोद जंघेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी रामकुंड बगीचा पारा, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



