
Durg : गणतंत्र दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिस कर्मी सम्मानित
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 26 जनवरी 2026 को पं. रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड समारोह में यातायात पुलिस दुर्ग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।

एएसआई व आरक्षकों को मिला प्रशस्ति पत्र
सम्मान समारोह में यातायात पुलिस में पदस्थ एएसआई सुशील पांडे, आरक्षक विजय शर्मा एवं आरक्षक राम साहू को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन पुलिसकर्मियों को यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, अनुशासनात्मक कार्यों एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की हुई सराहना
मुख्य अतिथि श्री तोखन साहू ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यातायात पुलिस की भूमिका आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सड़क व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सम्मानित कर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली का परिचय देते हुए यातायात नियंत्रण, जनजागरूकता एवं दुर्घटना रोकथाम के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है।
पुलिस बल का बढ़ा मनोबल
इस सम्मान समारोह से संपूर्ण पुलिस बल का मनोबल बढ़ा है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सम्मानित कर्मियों की इस उपलब्धि से अन्य पुलिसकर्मियों को भी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा मिली है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



