
Balod : गड़ा खजाना निकालने के नाम पर 2 युवकों से 7.7 लाख की ठगी
ग्राम जगन्नाथपुर में ठगी का मामला उजागर
ग्राम जगन्नाथपुर में अंधविश्वास का सहारा लेकर दो युवकों को करोड़पति बनाने का झांसा दिया गया। गड़ा हुआ खजाना निकालने की बात कहकर आरोपियों ने युवकों से 7 लाख 7 हजार रुपए ऐंठ लिए। मामला सामने आने के बाद पीड़ितों की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
वसीम खान सहित दो पर मामला दर्ज
पीड़ितों की शिकायत पर बालोद थाने में वसीम खान और उसके एक साथी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने खुद को रिश्तेदार बताकर परिवार का विश्वास जीता और इसके बाद गड़ा धन दिलाने का झांसा देकर रकम वसूली।
रिश्तेदारी का भरोसा बनाकर की ठगी
पीड़ित 35 वर्षीय युवक ने बताया कि इलाहाबाद के घुरपुर निवासी वसीम खान (50), जो वर्तमान में भिलाई के मरारपारा में रहता है, उनके परिचित अकबर खान के घर रिश्तेदार बनकर आया था। धीरे-धीरे विश्वास जीतने के बाद उसने दावा किया कि वह गड़ा हुआ खजाना निकाल सकता है और पीड़ितों को धनवान बना देगा। इसी झांसे में आकर युवकों ने उसे लाखों रुपए दे दिए।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपियों की गतिविधियों, संपर्कों और ठगी के तरीके की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस तरह किसी और को भी ठगा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



