
क्लासरूम से करोड़ों की ठगी तक: शिक्षक ने खड़ा किया 1500 करोड़ का शेयर मार्केट स्कैम
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक सनसनीखेज शेयर मार्केट ठगी कांड सामने आया है, जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। कसडोल थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में एक शिक्षक द्वारा संचालित ठग गिरोह ने अब तक करीब 1500 करोड़ रुपये की हेराफेरी को अंजाम दिया है।

पुलिस ने इस बहुचर्चित मामले में दलाल चंद्रप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ठगी के इस संगठित नेटवर्क के मास्टरमाइंड शिक्षक रामनारायण साहू सहित अब तक कुल 17 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। कई अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम
जांच में सामने आया है कि रामनारायण साहू ने एक संगठित गिरोह बनाकर मोटे कमीशन पर दलाल नियुक्त किए थे। यह गिरोह खासतौर पर महिला स्व-सहायता समूहों और छोटे निवेशकों को निशाना बनाता था।
भोली-भाली महिलाओं को यह झांसा दिया जाता था कि शेयर मार्केट में निवेश करने पर दो साल में रकम दोगुनी हो जाएगी।लालच में आकर कई महिलाओं और निवेशकों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी गिरोह को सौंप दी। जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बहाने बनाने लगे।

शिकायत के बाद खुला पूरा खेल
पीड़ितों की शिकायत पर कसडोल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, बैंक ट्रांजेक्शन और निवेशकों के बयान के आधार पर दलाल चंद्रप्रकाश की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि यह ठगी बेहद योजनाबद्ध और संगठित तरीके से की गई थी। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में ठगी की रकम और आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



