
तेंदुए की संदिग्ध मौत में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: चार आरोपी गिरफ्तार, कटे हुए पंजे और शिकार का सामान बरामद
कांकेर। जिले के करियापहार गांव में तेंदुए की संदिग्ध मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृत नर तेंदुए के चारों पैर पंजों सहित काटे जाने की पुष्टि के बाद वन विभाग ने आरोपियों के कब्जे से कटे हुए पंजे, कुल्हाड़ी, कटारी, लकड़ी और रस्सी सहित शिकार में उपयोग किए गए सामान जब्त किए हैं।
कैसे मिला तेंदुआ?
4 दिसंबर को स्थानीय कृषक शिवराम नेताम और रामचंद नेताम के खेत में बने कुएँ में तेंदुए का शव देखा गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अधिकारियों की मौजूदगी में तेंदुए के शव को बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच में पता चला कि तेंदुए के चारों पंजे नाखून सहित काटे गए थे।
पोस्टमार्टम और कार्रवाई
तीन सदस्यीय चिकित्सक दल ने मौके पर ही पोस्टमार्टम कर वन्यप्राणी संरक्षण प्रोटोकॉल के तहत शव का दहन कराया। घटना के बाद वन विभाग ने वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज किया।

राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल की डॉग स्क्वाड टीम रायपुर से जांच के लिए पहुंची। वहीं मुख्य वन संरक्षक राजेश कुमार चंदेले, CCF (वन्यप्राणी) स्टाइला मंडावी और DFO रौनक गोयल के मार्गदर्शन में आरोपियों की खोज तेज की गई।
चार आरोपी गिरफ्तार
6 दिसंबर को जांच के दौरान ग्राम करियापहार के चार लोगों
शत्रुघन (51)
श्रवण (19)
छबिलाल (35)
बुधारू (71)
को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से तेंदुए के कटे हुए पंजे और शिकार में इस्तेमाल हुए हथियार बरामद किए गए। मौके पर ही जब्ती और पंचनामा की कार्रवाई की गई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



