
जय जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की बिना अनुमति रैली पर FIR, घंटों तक सड़क पर रहा जाम
रायपुर। खपराभट्ठी आमापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जय जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (छत्तीसगढ़िया सर्व समाज संगठन) द्वारा बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के निकाली गई रैली के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है।
पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, संगठन के संचालक ललित बघेल, अनिल दुबे और अन्य सहयोगियों ने “छत्तीसगढ़ अस्मिता बचाव रैली” नाम से विशाल रैली का आयोजन किया था। रैली गुरुघासीदास कॉम्प्लेक्स, आमापारा से शुरू होकर राजभवन तक जाने वाली थी और दोपहर लगभग 1 बजे हजारों लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए।

रैली के कारण घंटों सड़क पर लगा जाम
रैली के कारण आमापारा चौक में भारी जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों व आम लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बावजूद रैली के आयोजक सड़क खाली करने तैयार नहीं हुए और नारेबाजी जारी रही। करीब दोपहर 3 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। एक नागरिक ने थाने में शिकायत करते हुए बताया कि बिना अनुमति सड़क जाम करना कानून का उल्लंघन है और इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
FIR दर्ज
शिकायत पर खपराभट्ठी थाना पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ कानून उल्लंघन, सार्वजनिक मार्ग बाधित करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों से पहले अनुमति सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात और जनता की सुरक्षा पर कोई असर न पड़े।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



