
संतोषी नगर में अज्ञात फायरमैन का उत्पात, रातभर वाहनों और घर में लगाई आग
पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर गलियों में घूमता रहा शख्स, इलाके में दहशत का माहौल
राजधानी रायपुर के संतोषी नगर इलाके में बीती रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को दहला दिया। एक अज्ञात फायरमैन ने इलाके की कई गाड़ियों और एक घर को आग के हवाले कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ ही मिनटों में पूरा मोहल्ला अफरा-तफरी में बदल गया।
मिश्रा होटल गली में मचाया उत्पात
घटना संतोषी नगर मिश्रा होटल गली की बताई जा रही है। देर रात करीब 2 बजे एक अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर गलियों में घूमता नजर आया। उसने लगातार कई वाहनों में आग लगाई और फिर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस शख्स के चेहरे पर कपड़ा बंधा हुआ था और वह नशे की हालत में लग रहा था।

कई वाहन और गोदाम जलकर खाक
अज्ञात फायरमैन ने दो एक्टिवा, एक बाइक, एक ई-रिक्शा और एक गोदामनुमा घर को आग के हवाले कर दिया। गोदाम में दूध और मिल्क प्रोडक्ट्स रखे हुए थे, जो पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग को सूचना दी और खुद भी बाल्टी व पाइप से आग बुझाने का प्रयास किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के घरों को जलने से बचा लिया गया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



