
स्कूल जाते समय महिला शिक्षिका का अपहरण: 5 लाख फिरौती की डिमांड… कुछ घंटों में सकुशल बरामद
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्कूल जाते समय महिला शिक्षिका के अपहरण का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। किडनैपर ने महिला के पति को उसकी बंधी हुई तस्वीर भेजकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, अपहृत महिला राधा साहू (43) भिलाई सेक्टर-8 स्थित मुखबधिर विद्यालय में शिक्षिका हैं। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह कैंप-1 स्थित अपने घर से ऑटो से स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचीं। स्कूल प्रशासन द्वारा पूछताछ किए जाने पर पति मुकेश साहू ने खोजबीन शुरू की।
किडनैपर ने मांगा 5 लाख की फिरौती
इसी दौरान राधा के मोबाइल फोन से पति के पास कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को किडनैपर बताते हुए बताया कि राधा को पेड़ से बांधकर रखा गया है और उसकी रिहाई के लिए 5 लाख रुपये की मांग की गई। साथ ही महिला की एक तस्वीर भी भेजी गई, जिसे देखकर परिवार दहशत में आ गया।पति ने तुरंत छावनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के बाद ASP, CSP और SDOP सहित पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
महिला शिक्षिका को सकुशल बरामद
इस बीच बड़ी राहत की खबर आई। थाना छावनी पुलिस ने बताया कि महिला शिक्षिका को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और कॉल डिटेल के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। बरामदगी के बाद महिला और एक संदेही से पूछताछ जारी है।छावनी CSP अभिषेक झा ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और बरामदगी के बाद तथ्यों को एकत्रित किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा करने की बात कह रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


