
मेडिकल व्यापारी पर शिकंजा, 50 लाख की दवाइयों का जखीरा बरामद
FDA की बड़ी कार्रवाई, नकली दवाओं के रैकेट का पर्दाफाश
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में दवाओं के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने सरस्वती मेडिकल स्टोर के संचालक खेमराज बानी के घर पर छापेमारी कर करीब 50 लाख रुपए मूल्य की एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाइयां बरामद की हैं। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि जब्त की गई दवाएं नकली हैं या असली।
घर के कमरों में छिपाकर रखा गया था स्टॉक
FDA अधिकारियों के मुताबिक, जब्त दवाइयों की मात्रा करीब 200 कार्टून है, जिन्हें ट्रक में भरकर ले जाया गया। कारोबारी ने इन दवाइयों को अपने घर के तीन अलग-अलग कमरों में छिपाकर रखा था, ताकि किसी को शक न हो।

बेटे के मोबाइल से मिले अहम सुराग
जांच के दौरान कारोबारी के बेटे के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल डेटा से इस पूरे नेटवर्क और दवाइयों की सप्लाई चेन का खुलासा हो सकता है।
पहले भी हुई थी छापेमारी, उठे सवाल
गौरतलब है कि 16 दिसंबर को रायपुर और रायगढ़ से पहुंचे चार अधिकारियों की टीम ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ में छापा मारा था। उस दौरान सरस्वती मेडिकल स्टोर और संचालक के घर से केवल 2 लाख 24 हजार रुपए की दवाइयों की जब्ती दिखाई गई थी।
बाद में विभाग को जानकारी मिली कि उसी समय घर में लाखों रुपए की दवाइयां मौजूद थीं, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। इसे लेकर कार्रवाई में खानापूर्ति और लापरवाही के आरोप भी सामने आए।
जांच के घेरे में पूरा नेटवर्क
खाद्य एवं औषधि प्रशासन अब पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि दवाइयां नकली पाई जाती हैं, तो संबंधित धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



